जाट रेजीमेंट सेंटर में होगी आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी भर्ती, देशभर के युवा पहलवानों को मौका

जाट रेजीमेंट सेंटर में होगी आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी भर्ती, देशभर के युवा पहलवानों को मौका
4 से 6 जून तक चलेगी भर्ती रैली, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को मिलेगी प्राथमिकता
बरेली। भारतीय सेना में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से जाट रेजीमेंट सेंटर (जेआरसी) बरेली में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी (ABSC) भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। यह भर्ती प्रक्रिया 4 जून से 6 जून तक जाट रेजीमेंट सेंटर परिसर में संपन्न होगी। भर्ती में देशभर के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जाट रेजीमेंट सेंटर द्वारा आयोजित इस विशेष भर्ती में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। खासतौर पर कुश्ती में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। सेना की इस पहल को खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है।
भर्ती की जिम्मेदारी संभाल रहे लेफ्टिनेंट कर्नल चौधरी आनंद वर्मा ने बताया कि 4 जून को जाट रेजीमेंट सेंटर में खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिसके बाद चयन प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित अंडर-14 और अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा भारतीय कुश्ती महासंघ की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले अंडर-14 और अंडर-15 हैवीवेट खिलाड़ियों को भी प्राथमिकता मिलेगी।
सेना अधिकारियों के अनुसार चयन के समय खिलाड़ियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और खेल उपलब्धियों से संबंधित राज्य या राष्ट्रीय स्तर के मेडल प्रमाण पत्र शामिल हैं। साथ ही चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों को अपनी स्पोर्ट्स किट भी साथ लानी होगी।
सेना की इस भर्ती रैली को लेकर खेल जगत और युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि यह पहल ग्रामीण और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली / LIVE BHARAT TV






