बरेली उपद्रव: तौकीर पर शिकंजा कसने की तैयारी, अदालत में मजबूत पैरवी करेगी मॉनिटरिंग सेल — एसएसपी अनुराग आर्य

बरेली उपद्रव: तौकीर पर शिकंजा कसने की तैयारी, अदालत में मजबूत पैरवी करेगी मॉनिटरिंग सेल — एसएसपी अनुराग आर्य
बरेली। शहर में हुए चर्चित उपद्रव मामले में आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस अब इस मामले में किसी भी आरोपी को राहत देने के मूड में नहीं दिख रही। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने साफ कर दिया है कि उपद्रव से जुड़े मामलों में आरोपियों के खिलाफ अदालत में मजबूत पैरवी कर जल्द सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।
एसएसपी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा उपद्रव मामले में दर्ज मुकदमों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की जा चुकी है। अब इन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए विशेष मॉनिटरिंग सेल सक्रिय की गई है, जो अदालत में होने वाली हर कार्रवाई पर नजर रखेगी।
उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष को मजबूत करने के लिए पुलिस और अभियोजन विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं, ताकि किसी भी आरोपी को कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग कर राहत न मिल सके। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी आरोपियों को कानून के मुताबिक जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शहर का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।
गौरतलब है कि बरेली में हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा समेत कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई।
अब पुलिस की कोशिश है कि अदालत में मजबूत पैरवी के जरिए सभी आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल, बरेली / LIVE BHARAT TV






