नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप, कार्रवाई न होने पर पिता ने दी आत्महत्या की चेतावनी

नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप, कार्रवाई न होने पर पिता ने दी आत्महत्या की चेतावनी
संपूर्ण समाधान दिवस में पीड़ित पिता ने लगाई न्याय की गुहार, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
बरेली। तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक पीड़ित पिता ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को गांव के कुछ लोगों ने मिलकर तमंचे के बल पर भगा दिया और घर में रखी नकदी व जेवरात भी साथ ले गए, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खल्लपुर निवासी राजू पुत्र स्वर्गीय हरदयाल ने संपूर्ण समाधान दिवस में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 30 अप्रैल 2026 को मजदूरी करने गया था। शाम करीब चार बजे जब वह घर लौटा तो उसकी 16 वर्षीय पुत्री धानवती घर पर नहीं थी। साथ ही घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने के कुंडल, सोने की बेसर और चांदी के खड़ुआ भी गायब थे।
पीड़ित पिता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल थाना फरीदपुर पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 0327/2026 धारा 137 के तहत दर्ज किया। बाद में जानकारी मिली कि गांव के ही साधू पुत्र गिरवत और गुरपाल पुत्र साधू ने मिलकर शाहजहांपुर जनपद के थाना कटरा क्षेत्र निवासी राजू पुत्र राम खिलौना के साथ उसकी नाबालिग पुत्री को तमंचे के बल पर भगा ले जाने में मदद की।
पीड़ित का आरोप है कि वह लगातार थाना पुलिस के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी बेटी की अब तक बरामदगी नहीं हो सकी है। इतना ही नहीं, उसे आए दिन जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। पीड़ित ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में चेतावनी दी कि यदि उसकी बेटी को जल्द बरामद नहीं किया गया तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी थाना पुलिस की होगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





