अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे पर बड़ी कार्रवाई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जारी किया बंदी आदेश
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर बरेली जनपद में अवैध रूप से संचालित हो रहे ईंट भट्ठों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बरेली। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर बरेली जनपद में अवैध रूप से संचालित हो रहे ईंट भट्ठों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में भुता क्षेत्र स्थित मैसर्स तहसीनी ब्रिक फील्ड के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ग्राम भगवानपुर न्यामतुल्ला, थाना भुता स्थित उक्त ईंट भट्ठा बिना वैध अनुमति एवं पर्यावरणीय सहमति के संचालित किया जा रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद बोर्ड द्वारा जांच कराई गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
बताया गया कि ईंट भट्ठा संचालक द्वारा आवश्यक वैधानिक दस्तावेज और संचालन सहमति प्राप्त किए बिना ही सरकारी नियमों की अनदेखी कर उत्पादन कार्य किया जा रहा था। जांच में यह भी पाया गया कि ईंधन के रूप में मानकों के विपरीत सामग्री का उपयोग किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण प्रदूषण फैल रहा था।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पहले 19 मार्च 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें भट्ठा संचालित मिलता पाया गया।मामले को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1981 के तहत कार्रवाई करते हुए भट्ठे की समस्त गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
पत्र में जिलाधिकारी बरेली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को भी निर्देशित किया गया है कि संयुक्त टीम गठित कर अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे को बंद कराया जाए। साथ ही संबंधित खनन अनुज्ञा पत्र एवं लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बरेली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिन भट्ठों द्वारा बिना अनुमति संचालन कर सरकारी राजस्व की चोरी की जा रही है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित अन्य ईंट भट्ठा संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।






