बरेली में फर्जी कंपनी के नाम पर करोड़ों का हवाला कारोबार, 35 लाख कैश समेत दो गिरफ्तार

बरेली में फर्जी कंपनी के नाम पर करोड़ों का हवाला कारोबार, 35 लाख कैश समेत दो गिरफ्तार
बारादरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, दुबई कनेक्शन भी आया सामने
बरेली, वरिष्ठ संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में पुलिस ने हवाला कारोबार के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बारादरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने फर्जी कंपनी के नाम पर बैंक खाते खोलकर करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 लाख रुपये की नकदी, चार मोबाइल फोन और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी बंद पड़ी “केजीएन” नामक कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते संचालित कर रहे थे। इन खातों में देश और विदेश से बड़ी रकम ट्रांसफर की जाती थी। बाद में यह रकम बैंक से कैश निकालकर हवाला नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचाई जाती थी।
टोकन सिस्टम से होता था लेन-देन
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हवाला कारोबार को सुरक्षित रखने के लिए “टोकन सिस्टम” का इस्तेमाल करते थे। पैसे भेजने और लेने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जाती थी। रकम पहुंचाने के लिए केवल टोकन नंबर और तय कोड का प्रयोग किया जाता था, ताकि किसी भी स्तर पर पहचान उजागर न हो सके।
व्हाट्सएप चैट से खुला दुबई कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपी जमीर अहमद ने पूछताछ में बताया कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से दुबई में बैठे जीशान अली के संपर्क में था। जीशान के निर्देश पर मोईन अली के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाते खुलवाए गए थे।
वहीं दूसरे आरोपी जगदीश चोटियां, जो मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर का निवासी है, ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से इस नेटवर्क के लिए काम कर रहा था। वह कमीशन के आधार पर भारी रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का कार्य करता था।
कई मास्टरमाइंड्स की तलाश में पुलिस
पुलिस ने मामले में जीशान अली, मोईन अली, लालचन्द्र और धम्माराम समेत कई अन्य संदिग्धों के नाम भी प्रकाश में आने की पुष्टि की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बारादरी थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व बारादरी प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी देवेन्द्र सिंह धामा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवेन्द्र सिंह भदौरिया ने किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं।






