बरेली विकास प्राधिकरण की नई कमान सौम्या पांडेय के हाथों में, मुख्यमंत्री के दौरे से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

बरेली विकास प्राधिकरण की नई कमान सौम्या पांडेय के हाथों में, मुख्यमंत्री के दौरे से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
बरेली। उत्तर प्रदेश शासन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे से ठीक पहले बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सौम्या पांडेय को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं वर्तमान उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन को पद से हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया गया है। शासन के इस निर्णय को बरेली के विकास कार्यों और आगामी योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सौम्या पांडेय वर्तमान में अतिरिक्त श्रम आयुक्त एवं ईएसआईएस निदेशक के रूप में कार्यरत थीं। उन्हें बीडीए उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी के साथ-साथ संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
विकास कार्यों के लिए याद किए जाएंगे डॉ. मनिकंडन
बीडीए के उपाध्यक्ष के रूप में डॉ. ए. मनिकंडन का कार्यकाल कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए जाना जाएगा। उनके नेतृत्व में बरेली में शहरी विकास को नई गति मिली और कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरीं।
शहर को अधिक आकर्षक, पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से रामायण वाटिका, सेंट्रल पार्क और रुद्र वनम जैसी परियोजनाओं को विकसित किया गया। इन योजनाओं ने न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाई बल्कि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं।
ग्रेटर बरेली आवास योजना को मिली नई रफ्तार
डॉ. मनिकंडन के कार्यकाल में बीडीए की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल ग्रेटर बरेली आवास योजना को भी उल्लेखनीय गति मिली। लगभग 224 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित हो रही इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए करीब 200 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित कराया गया।
इसके अलावा रामगंगा नगर परियोजना को भी गति मिली तथा रहपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं का प्रभाव आने वाले वर्षों में बरेली के आर्थिक और शहरी विकास पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
23 वर्ष की उम्र में हासिल की थी यूपीएससी में चौथी रैंक
नई उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं और वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने महज 23 वर्ष की आयु में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त कर देशभर में अपनी पहचान बनाई थी।
प्रशासनिक प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतीकरण और सर्वाधिक केस स्टडी प्रस्तुत करने जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए। अपनी प्रभावी कार्यशैली, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और परिणाम आधारित प्रशासन के कारण वह प्रशासनिक हलकों में विशेष पहचान रखती हैं।
कोविड काल में मिला था बेस्ट डीएम अवार्ड
सौम्या पांडेय को कोविड-19 महामारी के दौरान उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों के लिए वर्ष 2020 में बेस्ट डीएम अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। आपदा प्रबंधन, जनसेवा और प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व के क्षेत्र में उनके कार्यों की व्यापक सराहना हुई थी।
नई वीसी से विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद
बरेली विकास प्राधिकरण की कमान अब सौम्या पांडेय के हाथों में आने के बाद शहर के विकास कार्यों, आवासीय योजनाओं और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले हुए इस प्रशासनिक बदलाव को शासन की विकास प्राथमिकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय बरेली के शहरी विकास को किस नई दिशा में आगे बढ़ाती हैं।






