बरेली: मोहर्रम जुलूस में रुपये बांटने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 12 से अधिक घायल

बरेली: मोहर्रम जुलूस में रुपये बांटने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 12 से अधिक घायल
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | बरेली
बरेली के थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पदारथपुर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान रुपये बांटने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। संघर्ष में 12 से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब तीन बजे गांव में मोहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान रुपये वितरण को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी कर रहे दो गुटों के समर्थकों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद दोनों पक्षों ने आपसी समझौते की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे मामलों में केवल समझौते के आधार पर कार्रवाई नहीं रोकी जाएगी।
थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि पदारथपुर में दोनों पक्षों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






