No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

मोहर्रम जुलूस में रुपये लुटाने पर बवाल: 15 उपद्रवी चिन्हित, 12 वीडियो खंगाल रही पुलिस

पदारथपुर में ताजियेदारों के दो पक्ष भिड़े, आरोपी घर छोड़कर फरार; पुलिस बोली- वीडियो साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

No Slide Found In Slider.

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान रुपये लुटाने को लेकर हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, स्थानीय लोगों के मोबाइल फुटेज और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की मदद से अब तक 15 उपद्रवियों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस के हाथ करीब 12 वीडियो लगे हैं, जिनकी बारीकी से जांच कर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अधिकांश आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
रुपये लुटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर चलीं लाठियां
शुक्रवार शाम गांव से मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान गांव की प्रधानी से जुड़े दो पक्षों के बीच रुपये लुटाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में चार से पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। लाठियां फटकारकर उपद्रवियों को खदेड़ा गया, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच शुरू कर दी।
वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से खुल रही परतें
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए मोबाइल वीडियो भी कब्जे में लिए हैं। अब तक मिले करीब 12 वीडियो के विश्लेषण में 15 लोगों की पहचान उपद्रवी के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
समझौते की चर्चा, लेकिन पुलिस सख्त
घटना के दो दिन बाद भी किसी पक्ष ने पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी है। क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच समझौते की चर्चा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि यदि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं तो तहरीर का इंतजार किए बिना भी विधिक कार्रवाई की जा सकती है।
दबिश से गांव में पसरा सन्नाटा
पुलिस की लगातार दबिश के चलते गांव के कई पुरुष घर छोड़कर चले गए हैं। कई मकानों पर ताले लटके हैं, जबकि अधिकांश घरों में केवल महिलाएं और बच्चे ही मौजूद हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
क्या बोले थाना प्रभारी
थाना प्रभारी बिथरी चैनपुर राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि वीडियो के आधार पर 15 लोगों की पहचान की जा चुकी है। अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस स्वयं भी कानूनी कार्रवाई करेगी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button