बरेली में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाला गिरफ्तार, बायोमैट्रिक सत्यापन में खुली पोल

बरेली में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाला गिरफ्तार, बायोमैट्रिक सत्यापन में खुली पोल
मनोज के नाम पर दे रहा था टीईटी परीक्षा, पहचान आदेश कुमार के रूप में हुई; एडीएम सिटी के निर्देश पर एफआईआर दर्ज
बरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान बरेली में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने का मामला सामने आया है। साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान एक युवक की पहचान संदिग्ध होने पर जांच की गई, जिसमें पता चला कि वह वास्तविक अभ्यर्थी नहीं है।
जांच में सामने आया कि आरोपी युवक मनोज के नाम पर परीक्षा दे रहा था, जबकि उसकी वास्तविक पहचान आदेश कुमार के रूप में हुई। बायोमैट्रिक मिलान और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान उसकी पोल खुल गई, जिसके बाद परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।
मामले की सूचना प्रशासन को दी गई। एडीएम सिटी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दिलाने वाले किसी गिरोह का इससे संबंध है या नहीं तथा वास्तविक अभ्यर्थी की भूमिका क्या रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन और पहचान संबंधी जांच की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।






