पेट्रोल पंप पर कब्जे का आरोप, बिल्डर समेत दो पर मुकदमा
सौतेले भाई से मिलकर हिस्सेदारी हड़पने और थाने में हत्या की धमकी देने का आरोप, एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर कब्जा करने, आर्थिक अनियमितता करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने बिल्डर समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बिल्डर ने उनके सौतेले भाई के साथ मिलकर पेट्रोल पंप पर कब्जा कर लिया और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया। मामला एसएसपी के आदेश पर दर्ज किया गया है।
महानगर कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पुरनापुर स्थित मां भगवती किसान सेवा केंद्र नामक पेट्रोल पंप उनका है। वर्ष 2020 में संचालन के लिए धन की आवश्यकता होने पर उन्होंने बिल्डर अवधेश को पेट्रोल पंप की एक-चौथाई हिस्सेदारी बेची थी। आरोप है कि इसके बाद अवधेश ने हिसाब-किताब में गड़बड़ी शुरू कर दी और धीरे-धीरे पेट्रोल पंप के संचालन पर कब्जा जमाने लगा। विरोध करने पर उन्हें पंप से भगा दिया जाता था।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2025 में अवधेश ने उनके सौतेले भाई प्रदीप कुमार को धन देकर पत्नी संघमित्रा और भाभी गौरी से उनके साथ मारपीट कराई। इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है और पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। आरोप है कि अब पेट्रोल पंप के खातों और चेकों का दुरुपयोग कर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है।
थाने में हत्या की धमकी देने का आरोप
सौरभ का आरोप है कि 24 मार्च 2026 को पुलिस के बुलावे पर वह बिथरी चैनपुर थाने पहुंचे थे। इसी दौरान इंस्पेक्टर के कमरे में बिल्डर अवधेश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि पुलिसकर्मी कमरे से बाहर निकलते ही आरोपी ने हत्या कराने की बात कही और थाने के बाहर जातिसूचक टिप्पणी भी की।
जमीन और फर्जी समझौते का भी आरोप
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2023 में अवधेश ने अपनी पत्नी कुसुम और सहयोगी मोहित के नाम शिकायतकर्ता की जमीन का एग्रीमेंट कराया। बिना भुगतान किए जमीन से मिट्टी खुदवाकर बेच दी गई। साथ ही पेट्रोल पंप के खाते से अवैध लेनदेन किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि 16 अप्रैल 2026 को उन्हें मुन्नालाल के घर बुलाकर पिस्टल के बल पर फर्जी समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसमें आरोपी ने स्वयं को उनकी आधी संपत्ति का मालिक दर्शा दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की सूची भी एसएसपी को सौंपी है।
पुलिस का पक्ष
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो उनकी भी जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






