No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली: कांवड़ यात्रा और उर्स को लेकर प्रशासन अलर्ट, नई परंपरा व नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

No Slide Found In Slider.

डीएम-एसएसपी ने शांति समिति की बैठक में दिए निर्देश, मार्गों की मरम्मत, लटकते तार हटाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और आगामी उर्स-ए-आला हजरत को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन में आयोजित शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में स्थानीय नागरिकों ने कांवड़ मार्गों से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। रोडवेज के सामने पेड़ों में उलझे बिजली के तार, मोहनपुर रोड पर जलभराव, लाल फाटक पुल की सर्विस रोड के गड्ढे, तपेश्वर नाथ मंदिर मार्ग की बदहाल स्थिति तथा वनखंडी नाथ मंदिर मार्ग पर ट्रांसफार्मर हटाने की मांग प्रमुख रूप से उठी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, गड्ढों की मरम्मत, जलभराव की समस्या का समाधान और लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। जहां रास्ते में ट्रांसफार्मर हैं, उन्हें समय रहते हटाया या स्थानांतरित कराया जाए। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों को बारिश के मौसम को देखते हुए नालों-नालियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीजे और झांकियों की कुल ऊंचाई वाहन सहित 12 फीट से अधिक नहीं होगी और किसी भी गैर-परंपरागत मार्ग या आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीजे पर आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत बजाने पर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि प्रत्येक कांवड़ जत्थे के लिए पुलिस का नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। गांव-गांव जाकर पुलिसकर्मी कांवड़ यात्रियों की संख्या, मार्ग और व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाएंगे। कांवड़ शिविरों में फायर सेफ्टी, सीसीटीवी कैमरे, स्वयंसेवकों के पहचान पत्र तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम बहेड़ी ईशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह, संतोष कुमार सिंह, अविनाश त्रिपाठी, देश दीपक, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा सहित सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button