‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, सिविल डिफेंस ने लगाए सैकड़ों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिला जनसमर्थन, सिविल डिफेंस ने लगाए सैकड़ों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल | बरेली
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को सिविल डिफेंस, बरेली द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उपनियंत्रक राकेश मिश्र एवं चीफ वॉर्डन रंजीत वशिष्ठ ने किया, जबकि सहायक उपनियंत्रक पंकज कुदेशिया एवं प्रमोद डागर के मार्गदर्शन में अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ जामुन, आम, अमरूद, इमली, पाकड़ सहित अनेक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं वॉर्डनों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया और आमजन से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
इस अभियान में सिविल लाइन्स प्रभाग के प्रभागीय वॉर्डन दिनेश यादव के सहयोग से पौधों की व्यवस्था की गई, जबकि पोस्ट वॉर्डन ब्रजेश कुमार गोस्वामी के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। इसके अतिरिक्त बारादरी प्रभाग, अलखनाथ प्रभाग तथा सिविल लाइन्स प्रभाग की विभिन्न पोस्टों पर भी सिविल डिफेंस के वॉर्डनों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
चीफ वॉर्डन रंजीत वशिष्ठ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। वहीं उपनियंत्रक राकेश मिश्र ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और जल संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में सहायक उपनियंत्रक पंकज कुदेशिया, प्रमोद डागर, प्रभागीय वॉर्डन दिनेश यादव, उपप्रभागीय वॉर्डन हरीश भल्ला, अनिल शर्मा, कलीम हैदर सैफी, एसओ गीता शर्मा, आलोक शंखधार, आईसीओ श्रीवास्तव, देवेंद्र शर्मा, गिरीश साहनी, सुनील कुमार, विशाल गुप्ता, नीतू द्विवेदी, फरहान सहित बड़ी संख्या में पोस्ट वॉर्डनों एवं सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अभियान को सफल बनाया।





