Bareilly गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला से मारपीट, मां-भाई भी घायल
रामगंगा नगर कॉलोनी की घटना, पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रामगंगा नगर कॉलोनी की घटना, पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | बरेली | लाइव भारत टीवी उत्तर प्रदेश
बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की रामगंगा नगर कॉलोनी में गाली-गलौज का विरोध करना एक महिला और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि चार लोगों ने महिला पर लोहे की रॉड, डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मां और भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता साधना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके कमरे के बाहर चिराग कश्यप, रोहित कश्यप, बाबू कश्यप और शिवराम कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। साधना ने बाहर निकलकर गाली-गलौज करने का कारण पूछा और इसका विरोध किया।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर चारों ने साधना के साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर साधना की मां शकुंतला देवी और भाई राहुल बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों को भी पीटा। मारपीट में साधना, उनकी मां और भाई को चोटें आईं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी भी देकर गए।
मामले में थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






