रामगंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे जॉइंट मजिस्ट्रेट, नदी के जलस्तर और कटान का लिया जायजा।

बरेली में फिलहाल बाढ़ की स्थिति सामान्य, जनहानि-पशुहानि की कोई सूचना नहीं; अधिकारियों को नदी के जलस्तर और तटीय इलाकों पर लगातार निगरानी के निर्देश
बरेली। रामगंगा नदी के बढ़ते-घटते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए रविवार को प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर और तहसीलदार सदर ने रामगंगा नदी के तटीय एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामगंगा नदी के जलस्तर के साथ तटीय क्षेत्रों की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से संभावित बाढ़ की स्थिति तथा इससे प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के संबंध में जानकारी ली गई।
फिलहाल स्थिति सामान्य
प्रशासन के मुताबिक वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की आपात स्थिति सामने नहीं आई है। निरीक्षण के दौरान बाढ़ के कारण किसी प्रकार की जनहानि अथवा पशुहानि की भी सूचना प्राप्त नहीं हुई।
कृषि भूमि के कटान का भी किया निरीक्षण
जॉइंट मजिस्ट्रेट और तहसीलदार ने नदी किनारे कृषि भूमि के कटान की स्थिति का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जिन क्षेत्रों में कटान की आशंका है, वहां विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जलस्तर बढ़े तो तत्काल दें सूचना
उपजिलाधिकारी सदर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रामगंगा नदी के जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। जलस्तर में अचानक वृद्धि, कटान बढ़ने अथवा किसी अन्य आकस्मिक स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के साथ राजस्व एवं संबंधित विभागों को स्थिति पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।





