No Slide Found In Slider.
Breaking News

बहेड़ी में 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से करंट लगने पर राजमिस्त्री की मौत।

No Slide Found In Slider.

तीसरी मंजिल पर पाड़ बांधकर कर रहा था काम, बारिश से भीगा बांस लाइन से टकराया; परिवार का इकलौता सहारा था 35 वर्षीय गुड्डा

बरेली। बहेड़ी कस्बे में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय राजमिस्त्री गुड्डा की करंट लगने से मौत हो गई। वह पावर हाउस के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान में पाड़ पर काम कर रहा था। इसी दौरान बारिश में भीगा बांस ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही गुड्डा तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

आठ भाई-बहनों में सबसे बड़ा था गुड्डा

मोहल्ला मोहम्मदपुर निवासी गुड्डा तीन भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी दो साल की बेटी है। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

फातिहा पढ़कर गया था काम पर

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह मोहल्ले में एक महिला के इंतकाल के तीजे की फातिहा थी। गुड्डा फातिहा पढ़ने के बाद काम पर गया था। दोपहर के समय वह पावर हाउस के पास निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर काम कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

बिना शटडाउन और सुरक्षा के चल रहा था काम

विद्युत निगम के जेई रमेश सैनी के मुताबिक निर्माण कार्य को लेकर विभाग से न तो अनुमति ली गई थी और न ही लाइन का शटडाउन लिया गया था। हाईटेंशन लाइन के नीचे बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम कराया जा रहा था।

सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button