कार से कुचलकर की बुजुर्ग की हत्या: बहन की शादी से नाराज़ युवक ने लिया रंजिशन बदला
थाना क्योलड़िया पुलिस ने हत्यारोपी को दबोचा, वारदात में इस्तेमाल कार बरामद

बरेली। थाना क्योलड़िया क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। बहन के प्रेम विवाह से नाराज़ एक युवक ने अपने ससुराल पक्ष के बुजुर्ग सदस्य को रंजिशन मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने बाइक सवार वृद्ध को कार से टक्कर मारने के बाद दोबारा वाहन चढ़ाकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दुर्घटना का रूप देने की थी कोशिश, लेकिन खुली साजिश
पुलिस के मुताबिक घटना 1 अगस्त 2025 की है। मृतक चरन सिंह (60 वर्ष), निवासी ग्राम माधौपुर, अपनी मोटरसाइकिल से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव की पुलिया के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए विमल सिंह (20 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह ने अपनी कार (UP25EJ4365) से उन्हें पीछे से टक्कर मारी। गिरने के बाद आरोपी ने कार दोबारा चढ़ा दी, जिससे मौके पर ही चरन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई।
प्रथमदृष्टया यह सड़क दुर्घटना लग रही थी, लेकिन मृतक की पत्नी हीराकली की तहरीर और पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला। थाना क्योलड़िया में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू हुई।
बहन की शादी बनी खूनी रंजिश की वजह
पुलिस पूछताछ में विमल सिंह ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी नाबालिग बहन गांव के ही संजय सिंह (पुत्र मृतक चरन सिंह) के साथ भाग गई थी। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। संजय को इस मामले में जेल भी जाना पड़ा था, लेकिन बहन के बालिग होते ही वह फिर से साथ रहने लगा।
इस विवाह से विमल और उसके परिवार में गहरी नाराज़गी थी। वह इसे अपने परिवार की “इज्जत का सवाल” मानता था। इसी रंजिश में उसने संजय के पिता चरन सिंह की हत्या की साजिश रची और मौके की ताक में लगा रहा।
मुखबिर की सूचना से हुआ पर्दाफाश
5 अगस्त 2025 की सुबह थाना क्योलड़िया पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विमल सिंह काले रंग की निशान कार से क्योलड़िया डैम की तरफ जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर सुबह करीब 8:05 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई।
अभियुक्त को भेजा गया जेल
पुलिस ने विमल सिंह को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।