नवाबगंज में बाबा साहब की तस्वीर से छेड़छाड़ पर भड़के भाजपाई, अखिलेश यादव का फूंका पुतला
नारेबाजी कर जताया विरोध, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बरेली। नवाबगंज कस्बे में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को इस घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि बाबा साहब आंबेडकर की तस्वीर से छेड़छाड़ करना एक साजिश के तहत किया गया अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने ‘अखिलेश यादव मुर्दाबाद’, ‘बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारों के साथ विरोध दर्ज कराया। भाजपाइयों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।भाजपाइयों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का अपमान देश के संविधान और सामाजिक न्याय पर हमला है, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर सांसद छत्रपाल गंगवार क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर एमपी आर्य पूर्व सांसद की बेटी श्रुति गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, भुजेंदर गंगवार, विधायक स्वर्गीय केसर सिंह गंगवार के पुत्र विशाल गंगवार, लेखराज गंगवार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉक्टर आशुतोष गंगवार, पालिका अध्यक्ष पति नीरेंद्र सिंह राठौर, महिला मोर्चा से डॉ० मीनाक्षी आशुतोष, गन्ना समिति अध्यक्ष निर्भय गंगवार, पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद दिवाकर, मनोज दिवाकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सिंह सागर, ग्राम प्रधान मोहम्मद कलीम आजाद, सचिन रस्तोगी शाहिद बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।