उत्तरप्रदेशबरेली
शंखा पुल पर भीषण हादसा…ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर, परखच्चे उड़ गए ट्रैक्टर के
दो घंटे तक हाईवे पर लगा लंबा जाम, राहत व बचाव में जुटी पुलिस

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नेशनल हाईवे एनएच-एएनए कट के पास सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। शंखा पुल पर ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई, जिससे ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
सूचना पर फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़कों से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था, जो ट्रैक्टर से भिड़ गया। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी अभी नहीं मिली है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






