15 हजार रिश्वत लेने वाला पेशकार निलंबित, जिला बंदोबस्त अधिकारी ने की कार्रवाई

बरेली। 15 हजार रिश्वत लेते चकबंदी कार्यालय फरीदपुर में तैनात पेशकार रजत चौधरी को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया था। उसके विरुद्ध प्राथमिकी लिखाने के बाद अगले दिन उसे जेल भेज दिया। इसके बाद रविवार को इस मामले में कार्रवाई करते हुए जिला बंदोबस्त अधिकारी पवन कुमार ने रजत चौधरी को निलंबित कर दिया है।
फरीदपुर के पदारथपुर गांव निवासी मुहम्मद आदिल ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। आरोप था कि वह अपनी जमीन का दाखिल खारिज कराने के लिए लंबे समय से चक्कर काट रहे हैं, मगर उनकी जमीन का दाखिल खारिज नहीं किया जा रहा है।
इस बारे में जब उन्होंने रजत चौधरी से पेशकार से बातचीत की तो आरोपित रजत ने 15 हजार रुपये की मांग की। कहा कि बिना रुपये दिए कोई काम नहीं होगा। जब आदिल ने रिश्वत देने से इन्कार किया तो उनकी फाइल को लटका दिया गया। इसके बाद आदिल ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। गुरुवार को टीम मौके पर पहुंची और रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।






