क्रूज़ शिप पर हार्ट अटैक से बरेली के पूर्व प्रोफेसर डॉ. डी.के. गुप्ता नहीं रहे

बरेली। शिक्षा जगत के लिए एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। बरेली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर और जंतुविज्ञान विभाग के प्रभारी रहे वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. डी.के. गुप्ता का गुरुवार को लक्षद्वीप यात्रा के दौरान क्रूज़ शिप में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। खबर मिलते ही बरेली के शैक्षणिक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
क्रूज़ शिप में बिगड़ी तबीयत, नहीं बच सके डॉक्टर
जानकारी के अनुसार डॉ. गुप्ता मुंबई से लक्षद्वीप की यात्रा पर थे। क्रूज़ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हार्ट अटैक तेज होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनका पार्थिव शरीर आज एयर एम्बुलेंस से बरेली लाया जाएगा। वहीं अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।
शिक्षा जगत में अपूरणीय क्षति
डॉ. गुप्ता की पत्नी प्रोफेसर नीलिमा गुप्ता, रोहिलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रह चुकी हैं। वे कानपुर और सागर विश्वविद्यालय में कुलपति भी रही हैं तथा वर्तमान में विश्वविद्यालय की मैनेजमेंट कमेटी की सदस्य हैं।
परिवार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पीछे स्थित आवास में रहता है। उनके दो पुत्र एक इंजीनियर और एक डॉक्टर दोनो विदेश में कार्यरत हैं और सूचना मिलते ही भारत लौट रहे हैं।
शहर के लिए गहरी क्षति
डॉ. डी.के. गुप्ता के निधन से बरेली कॉलेज ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत के शिक्षा जगत में गहरा शोक है। छात्रों, शिक्षकों और परिचितों ने इस घटना को ‘अपूरणीय क्षति’ बताया। उनका निधन बरेली के शैक्षणिक परिदृश्य के लिए एक बड़ी हानि माना जा रहा है।





