देवरों की गंदी हरकतें, पति ने बहन को बनाया निशाना!…दहेज, मारपीट और दुष्कर्म प्रयास रिपोर्ट दर्ज

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और यौन शोषण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पति, ससुराल पक्ष और देवरों पर लगातार दहेज की मांग, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और अश्लील हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता का विवाह 27 अक्टूबर 2023 को रुद्रपुर निवासी युवक से हुआ था। महिला के अनुसार, शादी के मात्र दो माह बाद ही उसका जीवन नरक बन गया। पति, सास, ससुर और दोनों देवर उससे 5 लाख रुपये दहेज में लाने का दबाव डालते थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई-कई बार भूखा तक रखा जाता था।
देवरों पर कई बार छेड़छाड़ के आरोप
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसके दोनों देवर अक्सर अश्लील हरकतें करते थे और कई बार इज्जत लूटने की कोशिश भी की। मायके वालों ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष की दबंगई कम नहीं हुई।
मजबूर होकर महिला मायके चली आई। कुछ समय बाद उसका पति भी वहीं आकर रहने लगा। शुरुआत में सब सामान्य रहा, लेकिन जल्द ही उसने फिर से 5 लाख रुपये और एक प्लाट की मांग शुरू कर दी।
नशे में पति ने बड़ी बहन को बनाया शिकार!
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति नशे में उसके साथ-साथ उसकी बड़ी बहन पर भी गंदी नजर रखने लगा। 7 अगस्त 2025 की रात करीब 9 बजे पति ने शराब के नशे में उसकी बहन को गलत नीयत से पकड़ लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। बहन के शोर मचाने पर परिवार के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने सुभाषनगर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






