पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, पीड़ित ने SDM से लगाई गुहार
भूमाफियाओं पर बुनियाद भरकर कब्जा करने का आरोप, BDA और SSP से भी की शिकायत

बरेली। जनपद में भूमि पर अवैध कब्जों का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। ताजा मामला राजस्व ग्राम करगैना, तहसील सदर का है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
मनोज कुमार पटेल पुत्र भोलानाथ, निवासी नेकपुर गल्ला मंडी, थाना सुभाषनगर ने उपजिलाधिकारी सदर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पैतृक भूमि गाटा संख्या 24, रकबा 0.1350 हेक्टेयर, ग्राम करगैना में स्थित है। आरोप है कि सत्यपाल सिंह पुत्र ढल्लन सिंह और उनका पुत्र अखिलेश प्रताप सिंह, निवासी स्टेट बैंक के पास बदायूं रोड करगैना, उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बुनियाद भरने का कार्य कर रहे हैं।
विरोध करने पर गाली-गलौज और झूठे मुकदमे की धमकी
पीड़ित के अनुसार जब उसने अवैध कब्जे का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज, लड़ाई-झगड़ा किया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने खुद को शांतिप्रिय बताते हुए कहा कि अवैध कब्जे से उसे मानसिक और आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
कई स्तरों पर की शिकायत
मनोज कुमार पटेल ने बताया कि उसने अवैध कब्जे की शिकायत बरेली विकास प्राधिकरण (BDA), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), संबंधित थाने, तथा उपजिलाधिकारी सदर के यहां भी दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कब्जा रोके जाने की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व निरीक्षक व क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर अवैध कब्जा रुकवाया जाए और कब्जेदारों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि उसकी भूमि सुरक्षित रह सके।






