निर्माणाधीन पुल पर रील्स बनाते समय हादसा, युवक की दबकर मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

बरेली में सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के शौक ने एक युवक की जान ले ली। रिछोला किफायतुल्ला गांव निवासी मोहम्मद फैजान, जो हेयर ड्रेयर का काम करते थे, शुक्रवार शाम अपने दोस्त अनुज के साथ निर्माणाधीन बरेली-सितारगंज मार्ग के ओवरब्रिज पर पहुंचे। वहां फैजान डांस करते हुए वीडियो बना रहे थे।
हादसा कैसे हुआ
डांस करते समय फैजान का पैर फिसल गया और वह करीब 15 फीट नीचे मिट्टी में गिर पड़े। गिरने से निर्माणाधीन पुल की मिट्टी रोकने के लिए रखी गई तीन आरई (रिटेनिंग अर्थ) वाल्स भी उनके ऊपर आ गिरीं। मौके पर मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों ने हाइड्रा मशीन की मदद से दीवारें हटाईं, लेकिन तब तक फैजान की मौत हो चुकी थी।
दोस्त ने देखा सबकुछ
फैजान का दोस्त अनुज वीडियो बना रहा था। उसने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन अधिकतर मजदूर पहले ही जा चुके थे। अनुज को इस घटना से गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। फैजान का मोबाइल फोन उसी के पास था, जिसमें हादसे का वीडियो मौजूद है। पुलिस ने कहा कि वीडियो जांच में शामिल किया जाएगा।
सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
ओवरब्रिज निर्माण करा रही आरसीएल बरेली-हाईवे प्राइवेट लिमिटेड ने मौके पर बैरीकेडिंग या रोकथाम की कोई व्यवस्था नहीं की थी। हादसे के बाद संस्था ने कहा कि शाम के समय कर्मचारी चले जाते हैं, इसलिए युवक निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गए होंगे।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
दारोगा सुनील कुमार ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। देर शाम तक किसी ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। वहीं, एनएचएआई परियोजना निदेशक नवरत्न ने कहा कि बरेली-सितारगंज हाईवे पर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और वीडियो से लोकेशन की पुष्टि नहीं हो पा रही है।






