अंडर-19 विश्व कप 2026: भारत ने 41.1 ओवर में 311 रन चेज कर फाइनल में बनाई जगह, अब इंग्लैंड से खिताबी मुकाबला

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान के खिलाफ 311 रनों के लक्ष्य को महज 41.1 ओवरों में हासिल कर लिया और आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में शुक्रवार को भारत का सामना इंग्लैंड अंडर-19 टीम से होगा। इस मैच में भारतीय टीम की नजर अपने छठे अंडर-19 विश्व कप खिताब पर रहेगी।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की बल्लेबाज़ी पूरी तरह हावी नजर आई। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया, जिससे अफगानिस्तान की गेंदबाज़ी पूरी तरह दबाव में आ गई।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद जियोहॉटस्टार के विशेष कार्यक्रम ‘दिल से इंडिया’ में क्रिकेट विशेषज्ञ रीतिंदर सिंह सोढ़ी, आदित्य तारे और भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के पूर्व कप्तान उन्मुक्त चंद ने भारतीय प्रदर्शन का विश्लेषण किया। कार्यक्रम के दौरान एरोन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी की अहम पारियों की सराहना की गई।
विशेषज्ञों ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर भारत की मजबूत संभावनाओं पर भी चर्चा की और कहा कि मौजूदा फॉर्म, आत्मविश्वास और टीम संतुलन के लिहाज से भारतीय अंडर-19 टीम खिताब की प्रबल दावेदार है।





