इस्लामाबाद की शिया मस्जिद पर आतंकी हमले के खिलाफ बरेली में प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर हुए आतंकी हमले के विरोध में बरेली का शिया समुदाय आक्रोशित नजर आया। घटना के विरोध में लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान में शिया समुदाय के खिलाफ जारी हिंसा की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक पहचान के आधार पर किसी भी समुदाय को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
शिया समुदाय के कलीम हैदर सैफी और जामा मस्जिद के इमाम सैयद हसीन हैदर नक़वी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में भारत सरकार से मांग की गई कि वह इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाए और पाकिस्तान पर दबाव बनाकर वहां के शिया समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित कराए।
आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ ठोस और निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि लोगों के चेहरों पर घटना को लेकर गहरा रोष साफ दिखाई दे रहा था।






