शादी से लौटते परिवार की कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत

बरेली में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार दिल्ली रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, रामपुर के कल्याणपुर शहजाद नगर निवासी गोविंद अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सभी लोग शाही क्षेत्र में आयोजित शादी से देर रात करीब 1:30 बजे वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान किला थाना क्षेत्र के स्वालेनगर इलाके में उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
तीन की मौत, बच्चा समेत दो घायल
इस दर्दनाक हादसे में गोविंद की पत्नी मोनी, पिता खेमकरन और फूफा रामगुलाम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोविंद, उनका दो वर्षीय बेटा और चाचा राम बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।






