ईरान तनाव के बीच खाड़ी देशों में फंसे बरेली के लोग, परिवारों की बढ़ी चिंता

बरेली से जुड़े कई परिवार इन दिनों चिंता में हैं, क्योंकि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते उनके परिजन खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इसका असर दुबई, सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन समेत कई देशों में देखने को मिल रहा है, जहां सुरक्षा कारणों से उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
उमराह से लौटे 32 यात्री, परिजनों ने ली राहत की सांस
हाफिज इमरान रजा बरकाती के अनुसार, जिले से 10 फरवरी को 32 लोगों का एक समूह उमराह के लिए सऊदी अरब गया था। उनकी वापसी 1 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन अचानक बढ़े तनाव के कारण उड़ानें रद्द हो गईं और सभी यात्री जेद्दा एयरपोर्ट पर फंस गए। बाद में यात्रियों ने दोबारा टिकट बुक कर मुंबई तक का सफर तय किया और सुरक्षित बरेली पहुंच गए। इसके बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
वहीं, काजी-ए-हिंदुस्तान असजद रजा कादरी अपने परिवार के साथ अभी भी उमराह पर हैं। उनके साथ गए सलमान मियां ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और उनकी वापसी 5 मार्च को प्रस्तावित है।
बहरीन में फंसा इंजीनियर परिवार, घरवालों की बढ़ी बेचैनी
प्रेमनगर क्षेत्र के मैकेनियर रोड निवासी एडवोकेट गोविंद मोहन सक्सेना ने बताया कि उनका बेटा मोहित मोहन सक्सेना पिछले 14 वर्षों से बहरीन में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के रूप में कार्यरत है। वह अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ वहीं रह रहा है।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को उनके बेटे के आवास के पास एक मिसाइल गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद पूरा परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट हो गया। इस घटना के बाद परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं और लगातार संपर्क में बने हुए हैं।
कुवैत में भी दहशत का माहौल, मिसाइल हमलों से सहमे लोग
सीबीगंज क्षेत्र के बंडिया गांव निवासी इफ्तकार हुसैन, जो कुवैत में एक टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत हैं, ने बताया कि वहां लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। मिसाइल हमलों के कारण भय का माहौल है। हालांकि, शहर के अंदर स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
दुबई और अमेरिका में स्थिति सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील
दूसरी ओर, दुबई और अमेरिका में रह रहे बरेली के लोगों ने स्थिति को सामान्य बताया है। सीबीगंज के तिलियापुर निवासी फईमुद्दीन ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि दुबई में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बुर्ज खलीफा के पास से लाइव वीडियो साझा कर अफवाहों का खंडन किया।





