बरेली को 6000 करोड़ की सौगात देंगे CM योगी, रामायण वाटिका और साइंस पार्क का होगा शुभारंभ

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में विकास की रफ्तार तेज होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही नाथनगरी बरेली के दौरे पर आ सकते हैं, जहां वह करीब 6000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की ओर से विकसित रामगंगा नगर आवासीय योजना में बने रामायण वाटिका पार्क का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा बीसलपुर रोड पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार मकानों की चाबियां भी लाभार्थियों को सौंपी जाएंगी।
चार हजार करोड़ की BDA परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बीडीए की करीब चार हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें रहपुरा जागीर में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप, पीलीभीत रोड टाउनशिप, साइंस पार्क, एक्वाटिक पार्क, नाथ म्यूजियम और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के दो सेक्टरों के विकास कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर के बुनियादी ढांचे, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अन्य विभागों की दो हजार करोड़ की योजनाएं भी शामिल
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों की करीब दो हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सभी विभागों से परियोजनाओं का विस्तृत विवरण जुटाया जा रहा है।






