बरेली कैंट में 25 करोड़ का वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, कचरे से बनेगी बिजली और बायो-CNG
बरेली छावनी परिषद ने क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। परिषद अब इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने जा रही है, जिसके माध्यम से कचरे के निस्तारण के साथ-साथ ग्रीन एनर्जी का उत्पादन भी किया जाएगा।
इस परियोजना के तहत छावनी क्षेत्र से प्रतिदिन निकलने वाले करीब 35 से 40 टन गीले और सूखे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाएगा। प्लांट में ठोस अपशिष्ट और सूखे कचरे से बिजली और बायो-सीएनजी तैयार की जाएगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में मदद मिलेगी।
छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन के अनुसार, इस परियोजना के लागू होने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भविष्य में छावनी क्षेत्र के निवासियों को पाइपलाइन के जरिए गैस आपूर्ति की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इस योजना को कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के तहत संचालित किया जाएगा, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न विशेषज्ञ कंपनियों के साथ तकनीकी और संचालन संबंधी मंथन भी जारी है।
6 MLD का एसटीपी भी बनेगा
परियोजना के अंतर्गत 6 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) भी स्थापित किया जाएगा। इस एसटीपी के जरिए छावनी क्षेत्र के नालों और सीवर के पानी को शोधित किया जाएगा।
साथ ही, नगर निगम और अन्य क्षेत्रों से होकर कैंट क्षेत्र में आने वाले प्रदूषित जल को भी ट्रीट कर नदियों और तालाबों में जाने से पहले साफ किया जाएगा। इससे जल प्रदूषण को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
विशेष रूप से मालियों की पुलिया के पास स्थित आर्मी सर्विस कोर क्षेत्र के समीप सरोवर के पानी को भी इस परियोजना के जरिए शुद्ध किया जा सकेगा।
ग्रीन और स्मार्ट कैंट की ओर बढ़ते कदम
छावनी परिषद लगातार क्षेत्र को अधिक स्मार्ट, स्वच्छ और नागरिकों के लिए अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रही है। जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और हरित क्षेत्र के विस्तार जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो बरेली कैंट को ग्रीन एनर्जी और सतत विकास की दिशा में आगे ले जाएगा।






