Bareilly News : नगर निगम की वेबसाइट पर साइबर अटैक, हाउस टैक्स से ई-टेंडर तक सब ठप

Bareilly News : नगर निगम की वेबसाइट पर साइबर अटैक, हाउस टैक्स से ई-टेंडर तक सब ठप
तीन दिन से डाउन सिस्टम, करोड़ों के राजस्व नुकसान की आशंका; म्यूटेशन और ऑनलाइन भुगतान सेवाएं भी प्रभावित
बरेली। बरेली नगर निगम की ऑनलाइन व्यवस्था पर बड़े साइबर हमले ने प्रशासनिक सिस्टम की तकनीकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैकर्स ने नगर निगम के मुख्य सर्वर पर वायरस अटैक कर वेबसाइट और उससे जुड़ी तमाम ऑनलाइन सेवाओं को ठप कर दिया है। इस हमले के बाद हाउस टैक्स बिलिंग, ऑनलाइन भुगतान, पेटीएम सेवा और ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
बताया जा रहा है कि हैकर्स ने नगर निगम की वेबसाइट से जुड़े “सी-पैनल” और “डब्ल्यूएचएम” (Web Host Manager) को निशाना बनाया है। वेबसाइट अमेरिकन होस्टिंग कंपनी “ब्लू होस्ट” पर संचालित हो रही थी। तकनीकी हमला सामने आते ही नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। सोमवार दोपहर कुछ देर के लिए वेबसाइट चालू हुई, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते फिर से बंद हो गई।
रोजाना करोड़ों का ऑनलाइन टैक्स भुगतान प्रभावित
नगर निगम के ऑनलाइन सिस्टम के ठप होने से सबसे बड़ा असर राजस्व संग्रह पर पड़ा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन एक करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स ऑनलाइन माध्यमों से जमा होता है। वेबसाइट पिछले तीन दिनों से बंद होने के कारण अब तक लगभग तीन करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
हाउस टैक्स, जलकर और अन्य नगर निगम शुल्क जमा न होने से आम नागरिक परेशान हैं। वहीं निगम अधिकारी भी लंबित ई-टेंडर और राजस्व प्रभावित होने को लेकर चिंता में दिखाई दे रहे हैं।
म्यूटेशन फाइलें भी सिस्टम में फंसी
टैक्स विभाग के कर्मचारियों के अनुसार वायरस अटैक के बाद ऑनलाइन म्यूटेशन प्रक्रिया भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। म्यूटेशन से जुड़ी फाइलें सिस्टम में फ्रीज हो गई हैं, जिससे नए आवेदन और पुराने मामलों की प्रक्रिया रुक गई है।
लोग लगातार पोर्टल खोलकर टैक्स जमा करने और आवेदन करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन स्क्रीन पर केवल “सर्वर एरर” दिखाई दे रहा है। इससे नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषज्ञ टीम सर्वर सुरक्षित करने में जुटी
तकनीकी विशेषज्ञों की टीम लगातार सर्वर और डेटा रिकवरी के काम में लगी हुई है। साइबर हमले के बाद नगर निगम की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा शुरू कर दी गई है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि तकनीकी टीम सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटी है। साथ ही सर्वर सुरक्षा और डेटा को सुरक्षित करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
डिजिटल सुरक्षा पर उठे सवाल
नगर निगम की वेबसाइट पर हुए इस साइबर हमले ने सरकारी विभागों की डिजिटल सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। करोड़ों रुपये के ऑनलाइन लेनदेन और महत्वपूर्ण नागरिक सेवाओं के बावजूद सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे रही, इसे लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली






