Bareilly News : राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को निकली जागरूकता रैली, जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी।

Bareilly News : राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को निकली जागरूकता रैली, जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी।
छात्र-छात्राओं ने लोगों को किया जागरूक, 09 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत।
बरेली। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को बरेली में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया।
यह जागरूकता रैली जनपद न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट, तहसील परिसर सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः न्यायालय परिसर पहुंची। रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और इसके माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया गया।
रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कस्तूरबा इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी स्लोगन और बैनर लेकर लोगों को लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने नागरिकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कर समय और धन दोनों की बचत करें।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम लोगों को सरल, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। इसमें बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत बिल, श्रम विवाद सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली






