300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹40 हजार… बरेली से सपा ने फूंका ‘मिशन 2027’ का बिगुल।

300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹40 हजार… बरेली से सपा ने फूंका ‘मिशन 2027’ का बिगुल।
बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अब खुलकर चुनावी मोर्चेबंदी शुरू कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बरेली में बड़ा चुनावी संकेत देते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को ₹40 हजार की आर्थिक सहायता और उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में “मिशन 2027” की शुरुआत हो चुकी है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत पर सपा सत्ता में वापसी करेगी।
गुरुवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। गैस सिलेंडर से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक आम आदमी परेशान है। ऐसे माहौल में समाजवादी पार्टी जनता के बीच जाकर भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दे रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को बड़ी चुनौती मानकर तैयारी कर रही है। इसी क्रम में वह अब तक प्रदेश के 50 जिलों का दौरा कर चुके हैं और पीडीए को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। उनका दावा था कि संगठन में हर वर्ग और हर समाज को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है।
“पांच राज्यों में निष्पक्ष चुनाव नहीं हुए”
पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए सिद्दीकी ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां से अधिकारियों को चुनाव प्रभावित करने के लिए प्रशिक्षित कर भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह संविधान की मूल भावना को कमजोर किया गया।
हालांकि उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा से मुकाबले की रणनीति का खुलासा करने से इनकार करते हुए कहा कि पार्टी अपनी रणनीति पर तेजी से काम कर रही है और समय आने पर जनता उसका परिणाम देखेगी।
“गंगा-जमुनी तहजीब बचाना सपा का लक्ष्य”
सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचाने का काम किया है। समाज में बढ़ती खाई को पाटने और भाईचारा कायम करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश लेकर पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंच रहे हैं।
उन्होंने “वन नेशन, वन इलेक्शन” के मुद्दे को भी अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक कल्पना है, जिसे जमीन पर लागू करना आसान नहीं होगा।
संगठन में पीडीए को प्राथमिकता
संगठन में यादव और मुस्लिम नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस सिर्फ दो वर्गों तक सीमित नहीं है। पीडीए के अंतर्गत आने वाले हर समाज को संगठन में सम्मान और भागीदारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हजारों जातियों को साथ लेकर सामाजिक संतुलन के आधार पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






