बड़ा बाईपास पर राहत की रफ्तार: 1 जुलाई से नवदिया झादा फ्लाईओवर पर दौड़ेंगे वाहन
ब्लैक स्पॉट से छुटकारा, जाम और हादसों पर लगेगा ब्रेक; 29.83 करोड़ की लागत से बन रहा 980 मीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर अंतिम चरण में नवदिया झादा फ्लाईओवर

बरेली। लंबे इंतजार के बाद अब बड़ा बाईपास से गुजरने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। जिले के सबसे खतरनाक “ब्लैक स्पॉट” माने जाने वाले नवदिया झादा चौराहे पर बन रहे सिक्सलेन फ्लाईओवर पर आगामी 1 जुलाई से वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे। करीब 980 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और एनएचएआई ने जून के अंत तक सभी तकनीकी एवं फिनिशिंग कार्य पूरे करने का लक्ष्य तय किया है।
करीब 29.83 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट दिल्ली-लखनऊ और नैनीताल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। वर्तमान में फ्लाईओवर पर सड़क निर्माण के लिए गिट्टी बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि दिल्ली से शाहजहांपुर दिशा की एप्रोच रोड पर भी युद्धस्तर पर काम जारी है।
बारिश बनी थी सबसे बड़ी बाधा
दरअसल, इस फ्लाईओवर को जनवरी 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन पिछले वर्ष हुई बेमौसम और लगातार भारी बारिश के चलते निर्माण कार्य की रफ्तार प्रभावित हो गई। मौसम की मार के कारण परियोजना तय समय से पीछे चली गई, जिसके बाद जून 2026 की नई डेडलाइन तय की गई।
अब मई और जून के दौरान पेंटिंग, लाइटिंग, डिवाइडर फिनिशिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि निर्माण कार्य लगभग अंतिम दौर में है और एक जुलाई से इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
जाम और हादसों से मिलेगी स्थायी राहत
नवदिया झादा चौराहा लंबे समय से जिले का सबसे बड़ा “ब्लैक स्पॉट” माना जाता रहा है, जहां अब तक दर्जनों लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है। हाईवे पर भारी ट्रैफिक और क्रॉस मूवमेंट के चलते यहां आए दिन लंबा जाम लगता था।
फ्लाईओवर शुरू होने के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे का ट्रैफिक बिना रुके सीधे ऊपर से गुजरेगा, जबकि स्थानीय और बीसलपुर रोड का यातायात नीचे बने अंडरपास से संचालित होगा। इससे हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम की समस्या लगभग खत्म हो जाएगी।
अंडरपास बनेगा यात्रियों के लिए वरदान
एनएचएआई द्वारा फ्लाईओवर के साथ अंडरपास का निर्माण भी कराया गया है। यह अंडरपास बरेली-बीसलपुर मार्ग पर आने-जाने वाले हजारों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। अभी निर्माण कार्य के चलते लोगों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद स्थानीय यातायात बिना किसी बाधा के सीधे अंडरपास से गुजर सकेगा और हाईवे पर क्रॉसिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एनएचएआई का दावा
मुरादाबाद एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि नवदिया झादा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वर्तमान में एप्रोच रोड और तकनीकी फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है। विभाग का लक्ष्य जून के अंत तक सभी कार्य पूरे कर 1 जुलाई से फ्लाईओवर को जनता के लिए खोलने का है, ताकि यात्रियों को जाम और दुर्घटनाओं से स्थायी राहत मिल सके।






