बड़ा बाइपास के पास खेत में मिली छात्रा की लाश, गला दबाकर हत्या की आशंका; स्कूल ड्रेस में मिला शव

बड़ा बाइपास के पास खेत में मिली छात्रा की लाश, गला दबाकर हत्या की आशंका; स्कूल ड्रेस में मिला शव
बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब बड़ा बाइपास के पास एक खेत में छात्रा का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में छात्रा की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। शव के मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई है। मृतका ने स्कूल ड्रेस जैसी वर्दी पहन रखी थी, जिसके आधार पर आसपास के स्कूलों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है और पुलिस की कई टीमें पहचान व घटना के खुलासे में जुटाई गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि छात्रा की पहचान और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।






