नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा साइकिल से पहुंचे कलेक्ट्रेट

नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा साइकिल से पहुंचे कलेक्ट्रेट
पीएम मोदी के आह्वान पर शुरू किया जागरूक अभियान, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई अपील का असर अब प्रशासनिक अधिकारियों में भी दिखाई देने लगा है। शनिवार को नगर मजिस्ट्रेट बरेली राजेश कुमार वर्मा साइकिल से कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनकी इस पहल को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा बनी रही।
नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने साइकिल चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को देखते हुए सभी लोगों को छोटी दूरी तय करने में साइकिल और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना चाहिए।
कलेक्ट्रेट परिसर में साइकिल से पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी उनकी इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने का प्रयास है। यदि आम नागरिक भी इस मुहिम से जुड़ते हैं तो पर्यावरण संरक्षण के साथ ईंधन की बचत में भी बड़ी मदद मिलेगी।
नगर मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी समय-समय पर सार्वजनिक परिवहन और साइकिल का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहल से बड़े बदलाव संभव हैं और इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली
LIVE BHARAT TV






