बरेली में महिंद्रा शोरूम पर हंगामा: बुकिंग के बाद भी नहीं मिली कार, ग्राहकों से अभद्रता का वीडियो वायरल

बरेली में महिंद्रा शोरूम पर हंगामा: बुकिंग के बाद भी नहीं मिली कार, ग्राहकों से अभद्रता का वीडियो वायरल
बरेली। पीलीभीत बायपास स्थित महिंद्रा के चर्चित शोरूम “मूसाराम एजेंसी” एक बार फिर विवादों में घिर गया है। आरोप है कि लाखों रुपये की बुकिंग राशि जमा कराने के बावजूद ग्राहकों को समय पर वाहन डिलीवर नहीं किया गया। इतना ही नहीं, जब परेशान ग्राहक जवाब मांगने शोरूम पहुंचे तो वहां मौजूद स्टाफ ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि एक ग्राहक ने परिवार में शादी समारोह को देखते हुए पहले ही महिंद्रा की कार बुक कराई थी। ग्राहक का आरोप है कि एजेंसी ने समय पर गाड़ी देने का भरोसा दिया था, लेकिन डिलीवरी की तारीख आते-आते लगातार बहानेबाजी और टालमटोल शुरू हो गई। कई बार संपर्क करने के बाद भी जब स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो ग्राहक खुद शोरूम पहुंच गया।
वीडियो बनाने पर भड़के कर्मचारी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्राहक जब अपनी समस्या रिकॉर्ड करने लगा तो शोरूम स्टाफ वीडियो बनाने से रोकने लगा। इसी दौरान बहस बढ़ गई और कथित तौर पर कर्मचारी ग्राहकों पर हावी होते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
“बुकिंग के बाद भी गाड़ी नहीं, आखिर भरोसा करें तो किस पर?”
ग्राहकों का कहना है कि किसी भी मध्यमवर्गीय परिवार के लिए कार खरीदना एक बड़ा सपना और निवेश होता है। लोग अपनी मेहनत की कमाई लगाकर भरोसे के साथ नामी कंपनियों के शोरूम पर जाते हैं। लेकिन यदि बुकिंग राशि लेने के बाद भी समय पर डिलीवरी न मिले और ऊपर से ग्राहकों के साथ अभद्रता हो, तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ता विश्वास को तोड़ने जैसा है।
महिंद्रा की साख पर उठे सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या देश की बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों के डीलर अब ग्राहकों को गंभीरता से लेना बंद कर चुके हैं? बरेली जैसे बड़े बाजार में महिंद्रा की मजबूत पकड़ मानी जाती रही है, लेकिन इस विवाद के बाद कंपनी की छवि पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
कई उपभोक्ताओं ने यह भी कहा कि यदि समय पर वाहन उपलब्ध नहीं था तो एजेंसी को पहले ही स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए थी। बुकिंग लेने के बाद ग्राहकों को बार-बार चक्कर लगवाना और फिर अपमानजनक व्यवहार करना किसी भी प्रतिष्ठित कंपनी की कार्यशैली नहीं हो सकती।
उपभोक्ता अधिकारों को लेकर उठी आवाज
मामले के वायरल होने के बाद अब उपभोक्ता अधिकारों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि ग्राहक समय पर भुगतान न करे तो कंपनियां तुरंत कार्रवाई करती हैं, लेकिन जब कंपनी या डीलर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करते तो जवाबदेही कौन तय करेगा?
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
घटना के बाद फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने अपने पुराने अनुभव भी साझा किए और एजेंसी के व्यवहार पर सवाल उठाए। वहीं कुछ लोगों ने प्रशासन और उपभोक्ता फोरम से मामले की जांच की मांग की है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल
LIVE BHARAT TV






