
पंचायती राज विभाग ने शासन को भेजा प्रस्ताव, मुख्यमंत्री स्तर पर भी हुई समीक्षा बैठक
बिथरी चैनपुर में प्रधान संगठन ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, कल लखनऊ में CM को सौंपेंगे मांग पत्र
बरेली। उत्तर प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में वर्ष 2021 में चुने गए ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, लेकिन अभी तक चुनाव आयोग की तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण चुनाव समय पर कराए जाने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक पंचायती राज विभाग की ओर से शासन को एक प्रस्ताव भेजा गया है, जिसमें वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाने अथवा प्रशासक समिति गठित करने का विकल्प सुझाया गया है। इसी मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath स्तर पर भी उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक किए जाने की चर्चा है, जिसमें पंचायत चुनाव की तैयारियों और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर मंथन किया गया।
इसी बीच सोमवार को विकासखंड बिथरी चैनपुर में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर पंचायत चुनाव समय पर कराए जाने की मांग उठाई। प्रधानों ने कहा कि यदि किसी कारणवश चुनाव में देरी होती है तो वर्तमान ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाया जाए तथा ग्राम पंचायतों में प्रशासक के रूप में वर्तमान प्रधानों को ही जिम्मेदारी सौंपी जाए।
प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रधान सीधे जनता से जुड़े होते हैं और गांव की समस्याओं, विकास कार्यों तथा स्थानीय आवश्यकताओं की बेहतर समझ रखते हैं। ऐसे में यदि बाहरी प्रशासनिक अधिकारियों को प्रशासक बनाया गया तो विकास कार्य प्रभावित होंगे और भ्रष्टाचार बढ़ने की आशंका रहेगी। उनका कहना था कि वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासकीय जिम्मेदारी दिए जाने से विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंगलवार को संगठन के पदाधिकारी लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपेंगे और अपनी मांगों को प्रमुखता से रखेंगे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र पटेल, ब्लॉक उपाध्यक्ष अजीत पटेल, ग्राम प्रधान प्रेम सिंह, अरुण पटेल, वीरपाल पटेल, बजरुल कमर अंसारी, रईस अहमद, दौलत खां, स्वतंत्र पटेल, संजीव पटेल, क्यामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV






