ज्वाला देवी सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमंत धाम में रामकथा का भव्य शुभारंभ

ज्वाला देवी सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमंत धाम में रामकथा का भव्य शुभारंभ
कलश यात्रा के साथ पहले दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल / LIVE BHARAT TV
बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र स्थित ज्वाला देवी सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमंत धाम में आयोजित श्रीराम कथा का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस मंदिर परिसर से विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल के बीच जय श्रीराम और जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।
कलश यात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और आस्था के साथ यात्रा निकाली। यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर आसपास के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः कथा स्थल पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और भजनों पर झूमते नजर आए।
कथा स्थल को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। प्रथम दिवस की कथा में कथावाचक ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म और मर्यादा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा श्रवण के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
आयोजकों ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए समिति के सदस्य लगातार जुटे रहे।






