बिथरी चैनपुर ब्लॉक में प्यासे फरियादी, कई साल से खराब पड़ी ठंडे पानी की मशीन

बिथरी चैनपुर ब्लॉक में प्यासे फरियादी, कई साल से खराब पड़ी ठंडे पानी की मशीन
हीटवेव के बीच लोगों को खरीदकर पीना पड़ रहा पानी, जिला विकास अधिकारी बोले- जल्द दुरुस्त होगी व्यवस्था।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली / LIVE BHARAT TV
बरेली। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच विकासखंड बिथरी चैनपुर ब्लॉक कार्यालय में फरियादियों को पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। ब्लॉक परिसर में आने वाले लोगों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था ठप पड़ी हुई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले ग्रामीण और फरियादी परेशान हैं।
ब्लॉक पहुंचे एक फरियादी ने बताया कि परिसर में लगी ठंडे पानी की मशीन कई वर्षों से खराब पड़ी हुई है। इसके चलते गर्मी से बेहाल लोगों को मजबूरी में बाहर से ₹20 की पानी की बोतल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
एक तरफ जिला प्रशासन हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी कर लोगों को बचाव के निर्देश दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी कार्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बदहाल दिखाई दे रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत उन गरीब फरियादियों को हो रही है, जो अपनी समस्याएं लेकर घंटों ब्लॉक कार्यालय में इंतजार करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारी एयर कंडीशनर वाले कमरों में बैठकर ठंडा पानी पी रहे हैं, जबकि बाहर आम जनता भीषण गर्मी और हीटवेव की मार झेल रही है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब ब्लॉक स्तर पर पीने के पानी जैसी जरूरी व्यवस्था तक नहीं हो पा रही, तो आमजन की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
मामले को लेकर जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि ब्लॉक परिसर में पानी की समस्या के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।
हालांकि सवाल अब भी यही है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के दौर में आखिर कब तक फरियादियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ेगा।






