हिंदू नाम बताकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप, शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव; एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

हिंदू नाम बताकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप, शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव; एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक 23 वर्षीय युवती ने खुद को कथित “लव जिहाद” का शिकार बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने हिंदू पहचान छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया, शारीरिक संबंध बनाए और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव डालते हुए प्रताड़ित किया। युवती ने मारपीट, दुष्कर्म, धमकी और जबरन गर्भपात कराने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2023 में वह गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम “राज गुप्ता” बताया और खुद को इंजीनियर बताया। युवती का कहना है कि आरोपी माथे पर तिलक लगाता था, हाथ में कलावा पहनता था और मंदिरों में पूजा-पाठ करता था, जिससे उसे विश्वास हो गया कि युवक हिंदू है। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें बढ़ने लगीं।
कुछ समय बाद नौकरी छूटने पर युवती बरेली लौट आई, लेकिन आरोपी लगातार संपर्क में बना रहा। आरोप है कि मार्च 2024 में युवक शादी का झांसा देकर बरेली आया और रामपुर हाईवे स्थित एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती का कहना है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उसे गुरुग्राम ले गया, जहां गर्भपात कराने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। युवती का दावा है कि शादी में उसके परिजन भी शामिल हुए थे और विवाह के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए थे।
गाजियाबाद के फ्लैट में जेठ पर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने बताया कि शादी के वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी के भाई अकरम सैफी ने दोनों को गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित फ्लैट पर बुलाया। वहां पहुंचने पर उसे बताया गया कि शादी “मजाक” थी। युवती का आरोप है कि इसी दौरान अकरम सैफी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध और शोर मचाने पर आरोपी पति चाकू लेकर पहुंचा और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसे पता चला कि “राज गुप्ता” का असली नाम कय्यूम है और वह मुस्लिम समुदाय से है।
बेटी के जन्म के बाद बढ़ा दबाव
युवती के मुताबिक फरवरी 2025 में उसने एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद आरोपी और उसके परिवार वालों ने उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इंकार करने पर उसे घर से अलग कर दिया गया। पीड़िता वर्तमान में सीबीगंज क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रही है।
उसका आरोप है कि आरोपी कई बार उसके कमरे पर पहुंचा, मारपीट की और जबरन संबंध बनाए। दूसरी बार गर्भवती होने पर आरोपी ने धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे “टुकड़े-टुकड़े कर फ्रिज और सूटकेस में भरकर फेंक देने” जैसी धमकियां देता रहा।
पहले नहीं हुई कार्रवाई, अब एसएसपी से लगाई गुहार
पीड़िता का कहना है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शुक्रवार को वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की।
इस संबंध में एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सीबीगंज पुलिस को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।






