कृषक दुर्घटना बीमा योजना से 137 परिवारों को मिली राहत

कृषक दुर्घटना बीमा योजना से 137 परिवारों को मिली राहत
कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों ने बांटे ₹6.73 करोड़ के चेक
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल, बरेली | LIVE BHARAT TV
बरेली, 23 मई। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 137 मृतक एवं दिव्यांग कृषकों के आश्रितों को ₹6.73 करोड़ की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को चेक सौंपकर योजना को किसानों के लिए बड़ा सहारा बताया।
कार्यक्रम में धर्मपाल सिंह, डॉ. अरुण कुमार, रश्मि पटेल, बहोरन लाल मौर्य, डॉ. डीसी वर्मा तथा डॉ. राघवेंद्र शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मा0 मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और योजना का लाभ सीधे ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु अथवा पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में ₹5 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अलावा स्थायी दिव्यांगता के विभिन्न मामलों में भी निर्धारित सहायता राशि का प्रावधान किया गया है।
मंत्री ने कहा कि 18 से 70 वर्ष तक के खातेदार, सहखातेदार, कृषि पर आश्रित परिवार के कमाऊ सदस्य तथा बटाई या पट्टे पर खेती करने वाले भूमिहीन किसान भी योजना के दायरे में शामिल हैं। दुर्घटना के बाद आश्रितों को संबंधित तहसील में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना होता है।
अविनाश सिंह ने बताया कि योजना की आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाया गया है, जिससे किसानों और उनके परिवारों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि जनपद बरेली में योजना शुरू होने से अब तक 1496 मृतक कृषकों के आश्रितों को ₹72.478 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में 137 लाभार्थियों को कुल ₹6.73 करोड़ की सहायता राशि वितरित की गई, जिससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
कार्यक्रम में पूर्णिमा सिंह, संतोष कुमार सिंह, अविनाश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






