No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

बहेड़ी में सपा विधायक के खिलाफ प्रदर्शन, पोस्टर लेकर संपूर्ण समाधान दिवस पहुंचे लोग

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद ने लगाए गंभीर आरोप, 132 केवीए सब स्टेशन, किसानों के बकाया और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

No Slide Found In Slider.

बरेली। बहेड़ी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शनिवार को उस समय हलचल मच गई, जब पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद समर्थकों के साथ तहसील पहुंचे। उनके साथ आए लोगों के हाथों में समाजवादी पार्टी के विधायक अताउर्रहमान के विरोध में पोस्टर थे। नसीम अहमद ने एसडीएम इशिता किशोर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बहेड़ी के लिए स्वीकृत 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र को विधायक अताउर्रहमान के प्रभाव से रिछा स्थानांतरित करा दिया गया, जिससे बहेड़ी नगर और आसपास के क्षेत्र की करीब एक लाख आबादी वर्षों से बिजली संकट का सामना कर रही है। उन्होंने बहेड़ी में तत्काल नया 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग की।
नसीम अहमद ने कहा कि बहेड़ी क्षेत्र में करीब 20 राइस मिल, निजी अस्पताल, आरा मशीनें, स्कूल, कॉलेज, कपड़ा बाजार और अनेक लघु उद्योग संचालित हैं। पर्याप्त बिजली व्यवस्था होने से व्यापार, उद्योग और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे ओवरब्रिज और किसानों के भुगतान की मांग
उन्होंने केसर रेलवे क्रॉसिंग और मुड़िया रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि नगर की लगभग 30 प्रतिशत आबादी रेलवे लाइन के दूसरी ओर रहती है। करीब 800 गांवों के लोगों को इन क्रॉसिंगों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आए दिन लंबा जाम लगता है।
इसके अलावा उन्होंने केसर चीनी मिल पर किसानों का करीब 161 करोड़ रुपये का बकाया गन्ना मूल्य शीघ्र दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि भुगतान न मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई, शादी तथा इलाज जैसे जरूरी खर्च पूरे करने में असमर्थ हैं।
स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं की भी उठाई मांग
ज्ञापन में बहेड़ी से दिल्ली के लिए रात्रिकालीन बस सेवा शुरू करने, सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने, चिकित्सकों की कमी दूर करने, विभिन्न जांच सुविधाओं को नियमित करने तथा पुरानी एक्स-रे मशीन के स्थान पर नई डिजिटल मशीन लगाने की भी मांग की गई।
समाधान दिवस के बाद नसीम अहमद ने तहसील परिसर के बाहर समर्थकों को संबोधित किया और क्षेत्रीय समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग दोहराई। वहीं, विधायक अताउर्रहमान पर लगाए गए आरोपों पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button