Bareilly News: अनियंत्रित होकर पलटी निजी बस, 50 से अधिक यात्री घायल, चालक को झपकी आने की आशंका

Bareilly News: अनियंत्रित होकर पलटी निजी बस, 50 से अधिक यात्री घायल, चालक को झपकी आने की आशंका
दिल्ली से पीलीभीत जा रही बस सीबीगंज क्षेत्र में हाईवे पर पलटी, 25 से अधिक गंभीर घायल; मासूम समेत कई यात्रियों का इलाज जारी
बरेली। दिल्ली से पीलीभीत लौट रही यात्रियों से भरी एक निजी बस गुरुवार तड़के बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें 25 से ज्यादा की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल तथा आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायल यात्री मोहम्मद परवेज ने बताया कि वह अपनी पत्नी नगमा, सास सलमा और डेढ़ वर्षीय बेटे फैज के साथ दिल्ली से पूरनपुर लौट रहे थे। उनका बेटा दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहा था। हादसे में पत्नी नगमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि मासूम फैज का दाहिना हाथ टूट गया और वह बेहोश हो गया। परवेज भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।
नगमा ने आशंका जताई कि हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राहत एवं बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
#Bareilly #BareillyNews #BusAccident #RoadAccident #CBGanj #Pilibhit #DelhiLucknowHighway #BreakingNews #LiveBharatTV






