No Slide Found In Slider.
बरेली

योगी सरकार का कड़ा रुख: बरेली की बदहाल बिजली व्यवस्था पर बड़ी कार्रवाई, मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता का तबादला

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश लखनऊ और अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह आगरा भेजे गए, अखिलेश कुमार सिंह बने बरेली के नए मुख्य अभियंता; बिजली व्यवस्था सुधारने की बड़ी जिम्मेदारी

No Slide Found In Slider.

बरेली। जिले में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। गुरुवार देर रात जारी तबादला आदेशों में मुख्य अभियंता विद्युत वितरण ज्ञान प्रकाश और अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) ज्ञानेंद्र सिंह का स्थानांतरण कर दिया गया। दोनों अधिकारियों को बरेली से हटाकर क्रमशः लखनऊ और आगरा भेजा गया है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय, लखनऊ संबद्ध किया गया है। वहीं उनकी जगह मध्यांचल मुख्यालय लखनऊ में तैनात अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार सिंह को पदोन्नति देकर बरेली का नया मुख्य अभियंता नियुक्त किया गया है। मूल रूप से मिर्जापुर निवासी अखिलेश कुमार सिंह अब जिले की विद्युत व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
इधर, अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) ज्ञानेंद्र सिंह का स्थानांतरण दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती, फॉल्ट, लो-वोल्टेज और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित न कर पाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। हाल के दिनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठकों में भी बरेली की बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। इसके बाद शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अब नए मुख्य अभियंता अखिलेश कुमार सिंह के सामने जिले की चरमराई विद्युत व्यवस्था को सुधारना, अनावश्यक कटौती पर अंकुश लगाना, फॉल्ट की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना सबसे बड़ी चुनौती होगी। जिले के लोगों की नजर अब नई तैनाती के बाद बिजली व्यवस्था में होने वाले सुधार पर टिकी हुई है।

 

रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button