No Slide Found In Slider.
Breaking News

रामगंगा का बढ़ा जलस्तर, डीएम ने नाव से किया निरीक्षण: अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश।

No Slide Found In Slider.

तहसील प्रशासन पहले से कर रहा निगरानी, एसडीएम सदर ने लेखपालों को समय पर सूचना देने के दिए निर्देश

बरेली। रामगंगा नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी ने नाव के माध्यम से रामगंगा नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर, तटीय इलाकों और आसपास की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तहसील प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से नदी के बढ़ते जलस्तर की जानकारी ली और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

पहले भी निरीक्षण कर चुका है तहसील प्रशासन

रामगंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसील प्रशासन की टीम पूर्व में भी नदी से सटे क्षेत्रों का निरीक्षण कर चुकी है। एसडीएम सदर ने क्षेत्रीय लेखपालों को निर्देश दिए हैं कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित होने वाले गांवों और निचले इलाकों पर विशेष नजर रखी जाए।

लेखपालों से कहा गया है कि किसी भी क्षेत्र में पानी बढ़ने, कटान होने या आवागमन प्रभावित होने जैसी स्थिति की सूचना तत्काल तहसील प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने लोगों से भी अपील की है कि रामगंगा के जलस्तर में असामान्य वृद्धि या किसी तरह की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल प्रशासन एवं कंट्रोल रूम को सूचना दें। अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि नदी किनारे बसे क्षेत्रों से मिलने वाली प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

प्रदेश सरकार की ओर से भी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बरेली प्रशासन संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button