शादी से पहले दुलहन की मौत,खुशियां बदली मातम में

बदायूं। नूरपुर पिनौनी गांव में शादी से पहले हार्ट अटैक से दुल्हन की मौत हो गई। सोमवार को मुरादाबाद से उसकी बरात आनी थी। रविवार की रात मेहंदी के कार्यक्रम में डांस करते समय दुल्हन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही पलों में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों परिवारों में मातम छा गया। जिस घर में शहनाई गूंजनी थी, वहां करुण क्रंदन के बीच दुल्हन की अर्थी उठी।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी निवासी इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी दिनेश पाल सिंह की 20 वर्षीय बेटी दीक्षा की शादी मुरादाबाद के शिवपुरी निवासी सौरभ पुत्र मदनलाल से तय हुई थी। सोमवार को उसकी बरात आनी थी। रविवार रात मेहंदी का कार्यक्रम था। दीक्षा ने हाथों पर मेहंदी लगवाई। इसके बाद वह परिजनों व रिश्तेदारों संग डांस करने लगी। घर में खुशियों का माहौल था। सभी लोग खुशी में नाच रहे थे। दीक्षा भी बेहद खुश थी।