मोबाइल लूट का विरोध करना ITI छात्र को पड़ा भारी, बदमाशों ने मारी गोली

बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट का विरोध करना एक आईटीआई छात्र को भारी पड़ गया। दबंग बदमाशों ने मोबाइल छीनने से मना करने पर छात्र को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी निवासी 20 वर्षीय राहुल गंगवार अपनी बहन के साथ प्रेम नगर क्षेत्र के शास्त्री नगर में किराये के मकान में रहता है। राहुल की बहन एक निजी अस्पताल में कार्यरत है, जबकि राहुल सीबीगंज स्थित आईटीआई संस्थान से पढ़ाई कर रहा है। राहुल ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे दो युवक उसके पास आए और उसके सिर पर तमंचा रखकर मोबाइल फोन छीनने की कोशिश करने लगे।
राहुल ने खुद को बचाने के प्रयास में तमंचा हाथ से हटाया, इसी दौरान हथियार से अचानक फायर हो गया। गोली के छर्रे उसके सीने में जा लगे, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रेम नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।






